
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
**मेरिट के आधार पर काउंसलिंग के बाद आवंटित किए गए तैनाती स्थल, एक माह के भीतर करना होगा कार्यभार ग्रहण**
जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से चयनित 25 महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (एएनएम) में से 24 को काउंसलिंग के बाद मेरिट के आधार पर नियुक्ति स्थल आवंटित कर दिए गए हैं। एक अभ्यर्थी काउंसलिंग में अनुपस्थित रही। चयनित अभ्यर्थियों को आवंटित स्वास्थ्य इकाइयों में एक माह के भीतर कार्यभार ग्रहण करना होगा।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि जनपद में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के 25 पदों पर चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से चयन किया गया था। इसके बाद नियुक्ति स्थल आवंटित करने के लिए काउंसलिंग आयोजित की गई। इसमें उपस्थित 24 अभ्यर्थियों को मेरिट एवं निर्धारित मानकों के आधार पर विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों में तैनाती दी गई है।उन्होंने बताया कि एएनएम को स्वास्थ्य उपकेंद्र तिलवाड़ा, सुमाड़ी, चोपड़ा, जवाड़ी, मयाली, दुर्गाधार, बुढ़ना, मनसूना, बसुकेदार, चौंरा, दिगधार, बरसूड़ी, जग्गी-बगवान, फाटा, त्यूंखर, खलियाण, लदोली, जसोली, रामपुर एवं दैड़ा सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली-1, जखोली-2 तथा ऊखीमठ-3 में तैनाती दी गई है। सभी चयनित अभ्यर्थियों को एक माह के भीतर संबंधित स्वास्थ्य इकाइयों में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।सीएमओ ने कहा कि नई एएनएम की तैनाती से जनपद के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। खासकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।काउंसलिंग के लिए गठित समिति में जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग के पैथोलॉजिस्ट डॉ. मनीष, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस नेगी एवं डॉ. भुवन शामिल रहे। वहीं, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप सिंह रावत, प्रधान सहायक महिपाल सिंह नेगी तथा कनिष्ठ सहायक दीपक रावत ने भी काउंसलिंग प्रक्रिया में सहभागिता की।

