
उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
चमोली। जनपद चमोली के वाण गांव स्थित प्रसिद्ध लाटू देवता मंदिर के कपाट मंगलवार को पूरे विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ छह माह के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के दौरान मंदिर में आस्था और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर के पुजारी खीम सिंह ने आंखों पर पट्टी बांधकर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश किया, परंपरानुसार दीप प्रज्वलित किया और इसके बाद मंदिर के मुख्य कपाट बंद कर दिए। कपाट बंद होते ही पूरा क्षेत्र लाटू देवता के जयकारों से गूंज उठा।सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। इस दौरान पूजा-अर्चना, हवन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। ग्रामीणों और दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान लाटू देवता को भोग अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। कपाट बंद होने के इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।लाटूधाम मंदिर समिति के अध्यक्ष कृष्णा बिष्ट ने बताया कि धार्मिक परंपराओं के अनुसार मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए हैं। वहीं, ग्राम प्रधान नंदुली देवी ने कहा कि इस आयोजन में समस्त ग्रामीणों ने सहयोग किया। क्षेत्र के लोगों की भगवान लाटू देवता के प्रति अटूट आस्था है और मान्यता है कि उनकी कृपा सदैव क्षेत्र पर बनी रहती है।लाटू देवता मंदिर की एक विशेष मान्यता इसे और भी रहस्यमयी बनाती है। मान्यता है कि मंदिर के गर्भगृह में नागमणि विराजमान है। इसी परंपरा के चलते पुजारी आंखों पर पट्टी बांधकर मंदिर में प्रवेश करते हैं और उनके अलावा किसी अन्य को गर्भगृह में जाने की अनुमति नहीं है। श्रद्धालु भी करीब 12 मीटर की दूरी से ही भगवान के दर्शन करते हैं।नारायणबगड़ से पहुंचे श्रद्धालु संदीप कुमार ने कहा कि भगवान लाटू देवता के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। सच्चे मन से पूजा करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होने की मान्यता है।गौरतलब है कि वाण स्थित लाटूधाम मां नंदा देवी की धार्मिक परंपराओं और नंदा देवी राजजात यात्रा से भी विशेष रूप से जुड़ा हुआ है। अब छह माह तक मंदिर के कपाट बंद रहेंगे और अगले वर्ष बैसाख पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोले जाएंगे।

