उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
*केदारनाथ पहुंचे श्रद्धालुओं से किया गया संवाद।*
जनपद रुद्रप्रयाग में प्रचलित श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने संयुक्त रूप से केदारधाम में मोर्चा संभालते हुए और यात्रा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। देर शाम जिलाधिकारी के केदारनाथ पहुंचने के बाद दोनों उच्चाधिकारियों ने यात्रा मजिस्ट्रेटों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें पिछले दो दिनों की यात्रा के अनुभवों और चुनौतियों पर गहन चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और श्रद्धालुओं के साथ अत्यन्त विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए भीड़ नियंत्रण और मंदिर परिसर की सुरक्षा को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए। दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रा की गरिमा से खिलवाड़ करने वाले तत्वों, विशेषकर मंदिर क्षेत्र में अनावश्यक ड्रोन उड़ाने या भ्रामक सोशल मीडिया रील बनाने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
यात्रा की जमीनी हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कड़ाके की ठंड के बावजूद देर रात मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का संयुक्त भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने रात्रि विश्राम कर रहे श्रद्धालुओं से सीधा संवाद कर उनके अनुभव पूछे और व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, विद्युत और पेयजल से जुड़े कार्मिकों को 24X7 अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी समस्या का समाधान 10 मिनट के भीतर करने का लक्ष्य दिया है, वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात जवानों को हर समय मुस्तैद रहकर यात्रियों की सहायता करने को कहा। बताते चलें कि जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग, बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) भी हैं, उन्होने बीकेटीसी और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया ताकि दर्शन की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से चलती रहे। प्रशासन और पुलिस की इस संयुक्त सक्रियता से केदारनाथ धाम में व्यवस्थाएं पहले से अधिक चाक-चौबंद नजर आ रही हैं, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और सुरक्षा का भाव देखा जा रहा है। अब तक पहले दो दिनों में 63,252 श्रद्धालुओं ने केदारनाथ धाम के दर्शन कर लिए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन रुद्रप्रयाग आपकी सुखद, सुरक्षित व सुगम केदारनाथ यात्रा कराने हेतु प्रतिबद्ध है।
